कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा की आदिवासी महिला सरपंच श्रीमती तेरस कंवर को कथित रूप से झूठी शिकायतों के माध्यम से बदनाम करने और उनके कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में प्रशासन को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और झूठी शिकायत करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि कुछ स्वार्थी तत्व लगातार महिला सरपंच को निशाना बना रहे हैं, जिससे उन्हें स्वतंत्र रूप से कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के अनुसार, स्वयं को पत्रकार एवं आरटीआई कार्यकर्ता बताने वाले एक व्यक्ति द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में 15वें वित्त आयोग की राशि में ₹8,71,438 के कथित वित्तीय गबन की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले की जांच की जा चुकी है, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा पंचायत की अन्य योजनाओं के निर्माण कार्यों को भी 15वें वित्त आयोग के कार्यों से जोड़कर शिकायत को सही साबित करने का प्रयास किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। साथ ही जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शासन पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, लेकिन कुछ लोग आदिवासी महिला जनप्रतिनिधियों को झूठे आरोपों के माध्यम से परेशान कर उनके कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं नियमसम्मत जांच कराई जाए। यदि शिकायत झूठी पाई जाती है तो संबंधित शिकायतकर्ता के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि को इस प्रकार अनावश्यक रूप से परेशान न किया जा सके।








