कोरबा में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, गैस सिलेंडर सिर पर उठाकर किया विरोध प्रदर्शन

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा। घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और खाद्य सामग्री की महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। निहारिका स्थित घंटाघर चौक में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर सिर पर उठाकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि फरवरी से अब तक व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय कीमतों को नियंत्रित रखा जाता है और चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है।

जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं में लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर होगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख इश्तियाक और नेत्री रेखा त्रिपाठी ने कहा कि गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों से छोटे व्यवसाय, ठेले, ढाबे और छात्रावास प्रभावित हो रहे हैं और कई बंद होने की कगार पर हैं। महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी और ग्रामीण महिला अध्यक्ष प्रभा तंवर ने भी सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि गांवों में फिर से लकड़ी के चूल्हे जलने लगे हैं।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू ने कहा कि महंगाई के खिलाफ आम जनता को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी, तभी सरकार इस मुद्दे पर गंभीर होगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मांग की कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर में हुई 993 रुपये की वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, छोटे सिलेंडरों में की गई बढ़ोतरी रद्द की जाए तथा आम जनता और छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए सब्सिडी बहाल की जाए। साथ ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग भी की गई।

अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इन फैसलों को वापस नहीं लिया, तो आगे और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now