कोरबा में कांग्रेस संगठन सुदृढ़ करने अभियान तेज, 10 मंडल, 67 वार्ड और 299 बूथ कमेटी गठन के लिए प्रभारियों की नियुक्ति

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी 10 मंडल कमेटी, 67 वार्ड कमेटी एवं 299 बूथ कमेटी के गठन के लिए ब्लॉकवार दो-दो प्रभारियों की नियुक्ति की है। नियुक्त प्रभारी अपने-अपने ब्लॉक में जाकर ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पूर्व पार्षद, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर 15 अप्रैल तक कमेटियों का गठन सुनिश्चित करेंगे।

जारी निर्देश के अनुसार कोरबा शहर ब्लॉक की जिम्मेदारी राजेंद्र सिंह ठाकुर एवं हीरालाल साहू को सौंपी गई है, जिसमें वार्ड क्रमांक 1 से 18 तक शामिल हैं। वहीं निहारिका ब्लॉक के लिए दुष्यंत शर्मा एवं रेखा त्रिपाठी को प्रभारी बनाया गया है, जहां वार्ड क्रमांक 19 से 37 तक कमेटी गठन किया जाएगा।

कुसमुण्डा ब्लॉक के वार्ड क्रमांक 61 से 66 तक के लिए धुरपाल सिंह कंवर एवं मनीराम साहू को जिम्मेदारी दी गई है। दर्री ब्लॉक में वार्ड क्रमांक 48 से 60 एवं वार्ड क्रमांक 67 के लिए अर्चना उपाध्याय एवं मनहरण लाल राठौर (इंटक) को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं बालको ब्लॉक के वार्ड क्रमांक 38 से 47 तक के लिए आनंद पालीवाल एवं रवि सिंह चंदेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने नव नियुक्त प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत संगठनात्मक पूर्णता और मजबूती के लिए यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता पद से वंचित न रहे और कोई भी पदाधिकारी एक से अधिक पद पर न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर के प्रमुख पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अपने-अपने निवास वाले बूथ में बूथ अध्यक्ष एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के रूप में जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष और बीएलए की भूमिका सबसे अहम होती है और किसी भी बड़े पदाधिकारी को इसे छोटा नहीं समझना चाहिए।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now