छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा (छत्तीसगढ़)।
क्षत्रिय राठौर समाज के सामाजिक भवन में प्रदेश स्तरीय नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत उपस्थित रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल शामिल हुए।
अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि समाज के लोगों को जागरूक करना, सामाजिक समस्याओं का समाधान करना, सकारात्मक बदलाव लाना और हर संभव सहयोग करना ही सच्ची सामाजिक व्यवस्था है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज की एकता ही उसे उन्नति और समृद्धि की ओर ले जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में क्षत्रिय राठौर समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि सामाजिक पदाधिकारियों की भूमिका केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि नैतिक और सामाजिक दायित्वों से भी जुड़ी होती है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज और अधिक सशक्त होगा।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में समाज के लिए किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 2008 में विधायक बनने के बाद उन्होंने अपनी विधायक निधि का 90 प्रतिशत सामाजिक भवनों के निर्माण में लगाया। उन्होंने किचन कक्ष, कमरा निर्माण, मंच निर्माण और भवन विकास के लिए दी गई राशि का विवरण भी दिया। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा वर्ष 2022-23 में दिए गए 20 लाख रुपये की प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर दुर्गादास राठौर के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से मुकेश राठौर, हरीश परसाई, मनोज चौहान, जिलाध्यक्ष संतोष राठौर, सनत राठौर, केदार राठौर, नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पवन राठौर, महिला प्रदेश अध्यक्ष ममता राठौर सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।












