बालकोनगर में अवैध G+9 अपार्टमेंट पर युवा कांग्रेस का विरोध, कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन

कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा – बालकोनगर के पाड़ीमार क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध G+9 बहुमंज़िला अपार्टमेंट निर्माण को लेकर युवा कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कलेक्टर जनदर्शन में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश पंकज के नेतृत्व में भारतीय युवा कांग्रेस कोरबा (शहर) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल स्थगन (Stay) आदेश जारी करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ठेका कंपनी आहलूवालिया कांट्रैक्ट्स द्वारा खसरा क्रमांक 15000 के विभिन्न खसरों पर G+9 अपार्टमेंट का निर्माण किया जा रहा है। इस भूमि पर मौजूद हजारों विशाल वृक्षों के स्थानांतरण की अनुमति को अनुविभागीय राजस्व न्यायालय कोरबा ने आदेश क्रमांक 1296/अ०वि०अ/वा0-1/2025 दिनांक 03-06-2025 को निरस्त कर दिया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहना न्यायालय की अवमानना की श्रेणी में आता है।
युवा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि वनमंडलाधिकारी कोरबा द्वारा दिनांक 01-12-2025 को अवैध वृक्ष कटाई व स्थानांतरण को लेकर निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए थे, परंतु ठेका कंपनी ने आदेशों की अनदेखी करते हुए वृक्षों की कटाई और निर्माण कार्य जारी रखा।
निर्माण स्थल के समीप संचालित बालसदन स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक के 200 से 300 छोटे बच्चे अध्ययनरत हैं। अधिक ऊँचाई वाले इस निर्माण के लिए 10 से 25 मीटर गहराई तक भारी पाइलिंग कार्य किया जा रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और आसपास के मकानों व स्कूलों की संरचनात्मक मजबूती पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने आरोप लगाया कि भारत एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा संबंधित विभागों को गुमराह कर अनुमतियाँ प्राप्त की गई हैं और बिना संशोधित स्वीकृति, वन विभाग की अनापत्ति एवं संशोधित मानचित्र के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यदि निर्माण यूं ही जारी रहा तो 50 से 100 वर्ष पुराने हजारों विशाल वृक्षों के नष्ट होने की आशंका है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए अहलूवालिया कांट्रैक्ट्स इंडिया लिमिटेड द्वारा किए जा रहे इस कथित अवैध निर्माण पर तत्काल प्रभाव से स्थगन आदेश जारी करने की मांग की है।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now