छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा।
कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय लेते हुए ग्राम बिंझरा, तहसील पोड़ी उपरोड़ा निवासी मुरली दास संत को अपना सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है। यह नियुक्ति विशेष रूप से कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत आने वाले वनपरिक्षेत्र से संबंधित जनहित के मामलों में की गई है, ताकि सांसद की अनुपस्थिति में क्षेत्रीय समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जा सके।
मुरली दास संत एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने वर्षों से आदिवासी समाज, विशेषकर बिरहोर और पंडो जनजाति के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वे इन वंचित समुदायों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पहचान-पत्र निर्माण तथा वन अधिकार जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष करते रहे हैं। उनकी पकड़ ग्रामीण अंचल में अत्यंत मजबूत मानी जाती है, और वे आमजन के बीच विश्वसनीय जनसेवक के रूप में पहचाने जाते हैं।
इस प्रतिनिधित्व के जरिए अब वे जनता और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हुए क्षेत्रीय समस्याओं का समुचित निराकरण सुनिश्चित कर सकेंगे। सांसद ज्योत्सना महंत की यह नियुक्ति जन सहभागिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बल देती है, जो कि उनके जनसेवा के संकल्प को दर्शाता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है और आशा जताई है कि मुरली दास संत की नियुक्ति से वन क्षेत्र और आदिवासी समाज की आवाज और अधिक प्रभावी रूप से शासन-प्रशासन तक पहुंचेगी।











