मंत्री देवांगन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, महापौर ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए महत्वपूर्ण सुझाव

छत्तीसगढ़ जनवार्ता

कोरबा। श्रीरामलीला आयोजन को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने को लेकर आज नगर निगम कोरबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री लखन लाल देवांगन जी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी ने सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि श्रीरामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सहभागिता को देखते हुए नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाएंगी।

उन्होंने आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, आवागमन को सुगम बनाने, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी और निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

महापौर ने कहा कि कोरबा की जनता धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी भगवान श्रीराम के त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करती है। इसलिए आयोजन को सफल बनाने में नगर निगम अपनी जिम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएगा।

समीक्षा बैठक में आयोजन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने भी संबंधित अधिकारियों को आयोजन की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महापौर ने सभी संबंधित विभागों एवं आयोजन समिति से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रीरामलीला आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now