छत्तीसगढ़–पश्चिमी ओडिशा के समग्र विकास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से हुई महत्वपूर्ण भेंट

छत्तीसगढ़ जनवार्ता 

नुआपड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास, अंतर्राज्यीय सड़क संपर्क, पर्यटन और जोंक नदी के जल संरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर सौंपा गया विस्तृत ज्ञापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ और पश्चिमी ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर नुआपड़ा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी नुआपड़ा के जिला महामंत्री श्री अभिनंदन पांडा एवं श्री तुलस पटेल तथा मंडल अध्यक्ष श्री सदानंद जोशी के साथ मुख्यमंत्री से आत्मीय भेंट कर विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर नुआपड़ा विधानसभा क्षेत्र सहित छत्तीसगढ़ एवं पश्चिमी ओडिशा के बीच बेहतर अंतर्राज्यीय संपर्क, पर्यटन विकास, सड़क अधोसंरचना, व्यापार, कृषि और जल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को उनके समक्ष रखा।

संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव

ज्ञापन में छत्तीसगढ़ और पश्चिमी ओडिशा के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़कर संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इससे दोनों राज्यों के पर्यटन स्थलों को एक साथ जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई गई।

अंतर्राज्यीय सड़कों के उन्नयन की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने बागबाहरा–जतमई–घटारानी–ओडिशा बॉर्डर–पटोरा–नुआपड़ा सहित प्रमुख अंतर्राज्यीय मार्गों के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण की मांग रखी।

इसके अलावा राजिम–फिंगेश्वर–छुरा–ओडिशा बॉर्डर–साराबोंग–नुआपड़ा तथा धमतरी–गरियाबंद–ओडिशा बॉर्डर–धरमबांधा–नुआपड़ा मार्गों को बेहतर बनाकर बीजू एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।

जोंक नदी पर पुल और जल संरक्षण पर जोर

ज्ञापन में जोंक नदी पर उच्चस्तरीय एवं चार-लेन पुलों के निर्माण तथा पुराने जर्जर पुलों के स्थान पर बेहतर अंतर्राज्यीय संपर्क व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई गई।

साथ ही जोंक नदी के जल संरक्षण एवं सिंचाई विकास के लिए दोनों राज्यों के समन्वय से बैराज एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं की संभावनाओं का परीक्षण किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

चुक्तिया भुंजिया समुदाय के विकास का मुद्दा

प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले चुक्तिया भुंजिया समुदाय के लिए उचित मान्यता, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से पर्यटन, व्यापार, कृषि, रोजगार, परिवहन और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक सहयोग का आश्वासन

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखे गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना और सकारात्मक सहयोग एवं आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री द्वारा समय दिए जाने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ और पश्चिमी ओडिशा के बीच विकास, सहयोग और भाईचारे का मजबूत सेतु बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now