छत्तीसगढ़ जनवार्ता
विजेता टीम को मिलेंगे 15 हजार, उपविजेता टीम को 7 हजार रुपये
कोराई। ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोराई क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत कोरबा के सभापति विनोद कुमार यादव के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
नया कोराई स्थित पानी टंकी के पास खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि विनोद कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को लेकर आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 15,000 रुपये तथा उपविजेता टीम को 7,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आसपास के गांवों की टीमें भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल जवाली के महामंत्री महेंद्र यादव, पार्षद प्रतिनिधि शिवरतन कंवर, डमरू यादव सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश महंत, मुकेश साहू, अजय कुमार, गोपाल, विजय कंवर, मनीष यादव, प्रशांत कुमार, शाहिल, निखिल, अजय दास, भूपेंद्र यादव, सोनू बिंझवार, मोती लाल, रुपेश बिंझवार, गौतम दास एवं निलेश दास सहित कोराई क्रिकेट क्लब की पूरी आयोजन समिति उपस्थित रही।
अंत में कोराई क्रिकेट क्लब ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।









