छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम के समीप स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव शामिल हुए। वहीं कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, हथकरघा आयोग के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान बिरसा मुंडा को महान क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि आज पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है। उनका संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर जनजातीय समाज के गौरव और योगदान को याद करने का दिन है। समाज भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा कहकर सम्मान देता है। उन्होंने आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया और अंग्रेजों के विरुद्ध मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण आज पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य, निगम पार्षद, एल्डरमैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।











