छत्तीसगढ़ जनवार्ता
मोंगरा के किसान पंचराम बने पहले विक्रेता, समिति परिसर के सीमेंटीकरण और नवीन कार्यालय भवन की मांग उठी
कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ आदिवासी सेवा सहकारी समिति मर्यादित जवाली में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। खरीदी के पहले दिन ग्राम मोंगरा निवासी किसान पंचराम पिता सुंदरसाय ने 140 बोरा यानी 56 क्विंटल स्वर्णा धान का विक्रय किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में धान खरीदी कार्य प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम में समिति के प्राधिकृत अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह कंवर, पूर्व प्राधिकृत अधिकारी लखन सिंह तंवर, ग्राम पंचायत सरपंच दिलेश कुमार कंवर, जनपद सदस्य कमल किशोर बेलदार, उपसरपंच योगेश कुमार कुर्रे, पंच फेकू चन्द्रपाल एवं गजरूप सिंह सहित ग्रामीण पुरुषोत्तम साहू, अंकित अग्रवाल, कमल सिंह, लच्छीराम, शिवनंदन, अयोध्या चरण गुरुजी तथा भाजपा महामंत्री वीरेंद्र नामदेव उपस्थित रहे।
वहीं समिति की नोडल अधिकारी मीनाक्षी ठाकुर, RAEO, समिति प्रबंधक सुकदेव प्रसाद साहू, लेखापाल राजकुमारी साहू, डाटा ऑपरेटर अभिजीत दुबे, फड़ एवं बारदाना प्रभारी दीपक पटेल, मुकद्दम शोभाराम, चौकीदार जनक राम सहित हमालों की मौजूदगी रही।
इस दौरान नोडल अधिकारी ने धान खरीदी की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों से पंजीयन एवं टोकन के आधार पर धान खरीदी की जाएगी। शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य एवं दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। धान की गुणवत्ता और नमी की जांच के लिए मॉइश्चर मशीन, बारदाना, तौल तथा सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की गई है। साथ ही खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया।
समिति परिसर के सीमेंटीकरण और नए भवन की उठी मांग
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों के समक्ष समिति परिसर के विकास से जुड़ी प्रमुख मांगें भी रखी गईं। समिति में किसानों की बढ़ती संख्या और धान खरीदी के सुचारू संचालन को देखते हुए पूरे परिसर का सीमेंटीकरण (कांक्रीटीकरण) कराए जाने की आवश्यकता बताई गई। इसके साथ ही निर्माणाधीन शासकीय भवन को किसानों एवं कर्मचारियों की सुविधा तथा बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए नवीन समिति कार्यालय के रूप में उपलब्ध कराने की मांग शासन एवं संबंधित विभाग के समक्ष रखने की बात कही गई।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि समिति का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को सुविधाजनक, पारदर्शी एवं व्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराना है।









