बुधवारी बाजार में महापौर और निगम कर्मचारियों के बीच तनातनी, सड़क पर बैठीं महापौर

छत्तीसगढ़ जनवार्ता 

छोटे व्यापारियों के समर्थन में किया धरना, छठ पूजा के दौरान दुकानदारों को परेशान करने पर जताई नाराजगी; हस्तक्षेप के बाद हटाए गए निगम के वाहन

कोरबा। बुधवारी बाजार में शनिवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब छोटे व्यापारियों की शिकायत पर महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं। निगम कर्मचारियों द्वारा उनके निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर महापौर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। आखिरकार निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों को हटवाया।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर कुछ दिनों पूर्व बुधवारी बाजार और आसपास सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान स्थानीय विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। विरोधस्वरूप निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।

शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर दुकान लगाने पहुंचे छोटे व्यापारियों को निगम के वाहनों के कारण व्यवसाय करने में परेशानी हो रही थी। दुकानदारों ने इसकी शिकायत महापौर से की। शिकायत मिलते ही महापौर बाजार पहुंचीं और कर्मचारियों को वाहन हटाने के निर्देश दिए। निर्देशों पर तत्काल अमल नहीं होने से नाराज महापौर सड़क पर धरने पर बैठ गईं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि नगर निगम को सभी व्यापारियों के साथ एकरूपता से कार्रवाई करनी चाहिए। व्यापारियों को व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।

महापौर के धरने के बाद निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया। इसके बाद महापौर ने धरना समाप्त किया और वहां से रवाना हो गईं।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now