छत्तीसगढ़ जनवार्ता | कोरबा।
जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा टी.पी. नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे, जिसके कारण बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहते थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए कई बार जेल भी गए।
महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि नेहरू जी का स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे अपनी बातों को सरलता और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करते थे तथा भारतीय संस्कृति और विश्व इतिहास की गहरी समझ रखते थे।
ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने कहा कि नेहरू जी शांतिप्रिय, मेहनती और आदर्श व्यक्तित्व के धनी थे। बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण ही 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
अजा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने नेहरू जी को बहुमुखी प्रतिभा का धनी, महान चिंतक और लेखक बताते हुए कहा कि देश ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू ने उनके राजनीतिक, सामाजिक और साहित्यिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पार्षद रवि चंदेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पूर्व पार्षद डॉ. रामगोपाल यादव, पार्षद बद्री किरण, जिला महामंत्री मनहरण राठौर (इंटक), जिला पदाधिकारी सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह तथा जिला कांग्रेस कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।










