छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा नगर निगम को 40 EV बस होंगे प्रदाय
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की जनहितकारी पहल पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में आधुनिक, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में रायपुर में कन्सेशन एग्रीमेंट हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगरीय परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की पहल को आगे बढ़ाया गया।
इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी लाने, ईंधन पर निर्भरता घटाने और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
कोरबा जैसे औद्योगिक शहर के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में यह पहल विशेष महत्व रखती है। आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार से आम नागरिकों को आवागमन के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने और शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा, नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक निलेश क्षीरसागर तथा नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पीएम ई-बस सेवा योजना से कोरबा के शहरी विकास, स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह पहल नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ भविष्य के लिए टिकाऊ एवं आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।











