कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा। प्रेस क्लब दर्री द्वारा कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, संरक्षक कमलेश यादव, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, सह सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव ने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारिता के क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता बढ़ी है, जिससे समाचार संकलन और प्रसारण पहले की अपेक्षा अधिक सरल एवं प्रभावी हुआ है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, ईमानदारी और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को कई चुनौतियों और दबावों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में पत्रकारों की एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कोरबा, रायपुर और बिलासपुर प्रेस क्लबों को एक मंच पर लाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पत्रकारों की आर्थिक सहायता योजनाओं को मजबूत किया जा रहा है। मेडिकल सहायता राशि को 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है। वहीं किसी पत्रकार की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उसके परिवार को 10 लाख रुपये तक सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।
प्रेस क्लब दर्री के संरक्षक सुधीर जैन ने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है और पत्रकारों को आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना के साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। वहीं अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग से पत्रकारिता को नई मजबूती मिलेगी तथा प्रेस क्लब दर्री पत्रकार हितों के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।










