कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बस स्टैंड के समीप अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शिवाय हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक लखन लाल देवांगन ने दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, पार्षद अशोक चावलानी, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अस्पताल के प्रमुख न्यूरो सर्जन डॉ. देविक मित्तल ने बताया कि शिवाय हॉस्पिटल में आधुनिक आईसीयू, एनआईसीयू, डायग्नोस्टिक लैब, पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और किफायती दर पर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिवाय हॉस्पिटल के शुरू होने से कोरबा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
शिवाय हॉस्पिटल के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और इसे कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











