कोरबा छत्तीसगढ़
जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा में स्थित पी.एम.श्री हायर सेकेण्डरी स्कूल तिलकेजा हेतु पी.एम.श्री समग्र शिक्षा योजना अंतर्गत 04 नग प्रयोगशाला कक्ष निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। नियमानुसार उक्त निर्माण कार्य ग्राम पंचायत को कार्य एजेंसी के रूप में प्रारंभ किया जाना था।
लेकिन आरोप है कि गांव के ही श्री किशन प्रसाद साव, जो भारतीय जनता पार्टी के उरगा मंडल अध्यक्ष एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष भी हैं, ने ग्राम पंचायत को जानकारी दिए बिना स्कूल के पुराने भवन को तुड़वाकर मनमाने तरीके से निर्माण कार्य शुरू करा दिया। जबकि इस कार्य के लिए न तो स्कूल संस्था और न ही किसी समिति को निर्माण एजेंसी बनाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि श्री साव द्वारा अपने पद और रुतबे का उपयोग करते हुए अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है। इस संबंध में 05 जनवरी 2026 को कलेक्टर जनदर्शन तथा 23 जनवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रशासनिक कार्रवाई के अभाव में ग्राम पंचायत ने स्वयं निर्माण कार्य पर रोक लगाने एवं नियमानुसार प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी की है। वहीं, गांव में इस अवैध निर्माण को लेकर भारी रोष और असंतोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने कहना है कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अप्रिय घटना हो सकती हैं











