कोरबा – छत्तीसगढ़
अवैध कारोबार की सूचना पर साइबर और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई, एफआईआर दर्ज
कोरबा, छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम स्याहीमुडी रामनगर में स्थित छत्तीसगढ़ जनरल स्टोर पर मंगलवार देर शाम साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को यहां अवैध कारोबार और अवैध शराब की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक के मार्गदर्शन में दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू एवं साइबर सेल प्रभारी अजय सोनवानी के नेतृत्व में दर्री पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान से करीब 90 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में पेट्रोल का संग्रह किया जाना कहीं न कहीं अवैध पेट्रोल कारोबार की आशंका को जन्म दे रहा है। पुलिस का मानना है कि पेट्रोल का उपयोग अवैध रूप से बिक्री या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।












