छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कटघोरा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष तैयारियों के अंतर्गत जिलेभर के 612 ग्रामों में आयोजित बैठकों की श्रृंखला में विकासखंड कटघोरा के जवाली मंडल की बैठक संपन्न हुई। मंडल के 13 गांवों को सूचना देकर यह महत्वपूर्ण आयोजन किया गया। बताया गया कि ग्राम में 1994 से लेकर अब तक यह दसवीं बैठक है।
बैठक की शुरुआत खंड कार्यवाह श्याम सिंह द्वारा राष्ट्रभक्ति गीत से की गई। इसके पश्चात संघ की स्थापना, उद्देश्य एवं वर्तमान गतिविधियों पर चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि संघ की स्थापना 1925 में विजयदशमी पर्व के दिन डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार व उनके सहयोगियों ने की थी। प्रारंभ से ही संघ का ध्येय समाज के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र सर्वोपरि मानकर सेवा व समर्पण भाव से कार्य करना रहा है।
खंड व्यवस्था प्रमुख ने बताया कि संघ वर्षभर में 6 प्रमुख पर्व मनाता है—
- विजयदशमी पर्व
- मकर संक्रांति (दान पर्व)
- हिंदू नव वर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा)
- शिवाजी हिंदू साम्राज्य दिवस
- गुरु पूर्णिमा (समर्पण दिवस)
- रक्षाबंधन पर्व
उन्होंने आगे बताया कि शताब्दी पर्व 2025 के अंतर्गत आगामी विजयदशमी पर्व (25 सितंबर से 15 अक्टूबर) विशेष रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान पद संचलन कर ग्रामवासियों तक संघ के विचार पहुँचाने की योजना बनाई गई है। वर्तमान में देशभर में लगभग 6000 शाखाएँ सक्रिय हैं, वहीं कटघोरा खंड में 12 मंडल कार्यरत हैं, जहाँ प्रत्येक मंडल में 50 से अधिक स्वयंसेवक निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
प्रांत प्रचारक अभय राम भैया जी ने 3 सितंबर को कटघोरा प्रवास के दौरान जानकारी दी कि आगामी वर्ष संघ परिवार देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाएगा। इसमें 2 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक घर-घर संपर्क अभियान और 15 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन के अंतर्गत पथ संचलन, सामाजिक सद्भाव बैठक, युवा कार्यक्रम और शाखा विस्तार जैसे आयोजन होंगे।
इसके अतिरिक्त 5 सितंबर से ढेलवाडीह स्थित गुरुकुल विद्यालय में तीन दिवसीय प्रारंभिक वर्ग प्रशिक्षण का आयोजन होगा, जिसमें 14 वर्ष से अधिक आयु के स्वयंसेवक भाग लेंगे।
बैठक में छह गांवों के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे जिनमें शुक्र दास, ईश्वर प्रसाद बघेल, संजय कुमार, हर्ष चौहान, शिवरतन, अंजोर साय पटेल, गुलाब दास, हरीश कश्यप, वीरेंद्र नामदेव, महेंद्र कुमार यादव, वीरेंद्र पाल सिंह, श्रवण कुमार तंवर, दीपक पटेल, खंड कार्यवाह श्याम सिंह, खंड व्यवस्था प्रमुख लोकेश साहू प्रमुख रहे।











