मोटर पंप निकालने गए माँ, पिता, पुत्र कुआँ धसने सेमलबे मे दबे,

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा, 30 जुलाई 2025 // कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बनवार में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हाल ही में मनरेगा के तहत बने एक निजी कुएं में जलस्तर बढ़ने के कारण डूबे टुल्लू पंप को निकालने परिवार के सदस्य कुएं के पास गए थे और अचानक कुएं की मिट्टी ढह गई।

इस हादसे में 65 वर्षीय छेदुराम श्रीवास, उनकी पत्नी कंचन बाई (58 वर्ष) और पुत्र गोविंदराम (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। गोविंदराम अपने पीछे पत्नी और एक तीन साल की मासूम बच्ची को छोड़ गया है

अचानक हुए लापता, चप्पल ने दिलाई सुराग की उम्मीद: सोमवार सुबह जब परिवारजन तीनों को घर से गायब पाए, तब उनकी खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान कुएं के पास एक हिस्सा धंसा हुआ मिला और वहीं पास में एक चप्पल दिखाई दी। इससे यह आशंका गहराई कि सभी कुएं के मलबे में दब गए हैं। तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन: JCB और पोकलेन से हटाया मलबा, SDRF ने निकाले शव

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी और जटगा चौकी प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एसडीएम सहित प्रशासनिक अमले और SDRF की टीम को तुरंत घटनास्थल भेजा।

कुएं में पानी का लगातार रिसाव और मलबे का जमाव रेस्क्यू के लिए सबसे बड़ी चुनौती था। मलबे को हटाने के लिए JCB और पोकलेन मशीनों की मदद ली गई, जिससे SDRF को अंदर तक पहुंच मिल सकी। लगातार 26 घंटे चले इस अभियान के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू में SDRF के साथ स्थानीय ग्रामीण, पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और पंचायत अमला लगातार जुटा रहा। घटनास्थल पर पल-पल की निगरानी की जा रही थी और हर संसाधन तत्काल मुहैया कराया गया।

प्रशासन ने दी तात्कालिक आर्थिक सहायता: हादसे के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को ₹30,000 की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। यह सहायता तुरंत उपलब्ध कराई गई ताकि शोक संतप्त परिवार को राहत दी जा सके।

यह हादसा पूरे गांव के लिए बेहद दुखद रहा, पर प्रशासन की सक्रियता और SDRF की मेहनत से यह सुनिश्चित किया गया कि मृतकों को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन की मानवीय पहल की सराहना की है।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now