कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा, 22 जुलाई।
पिरामल फाउंडेशन की पहल के तहत पंचायत स्तर पर संचालित मोहल्ला क्लास में शिक्षा के क्षेत्र में सेवा दे रहे स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। कोरबा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रोग्राम लीडर मानशु शुक्ला और गांधी फैलो नीलू पटेल द्वारा करतला ब्लॉक के तुमान ग्राम पंचायत में पूर्णिमा श्रीवास, दादरकला पंचायत में नेहा खुंटे और संतोषी कंवर, तथा केरवाद्वारी में प्रेमलता को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रमाण पत्र वितरण के अवसर पर प्रोग्राम लीडर मांशू शुक्ला ने कहा कि ये स्वयंसेवक शिक्षा के क्षेत्र में अपने समुदायों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण शिक्षा को मजबूत करने में इनकी भूमिका सराहनीय है। गांधी फैलो नीलू ने स्वयंसेवकों की निष्ठा और समर्पण की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि इनके प्रयासों से समुदायों में सकारात्मक परिवर्तन आएंगे।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि पिरामल फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।











