जवाली, 25 जून 2025
छत्तीसगढ़ जनवार्ता//भारतीय लोकतंत्र के सबसे काले अध्याय – 1975 के आपातकाल – की 50वीं बरसी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जवाली मंडल द्वारा समरसता भवन में एक मंडल स्तरीय सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने तानाशाही के विरोध और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनः स्थापना हेतु जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी व भाजपा शिल्पकारों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य वक्ता मंडल अध्यक्ष श्रवण कुमार तंवर, महामंत्री महेंद्र कुमार यादव, वीरेंद्र नामदेव सहित कई पदाधिकारियों ने अपने उद्बोधनों में आपातकाल को कांग्रेस शासन का “काला अतीत” करार देते हुए कहा कि 21 महीनों तक लोकतंत्र को कुचलने का कार्य किया गया।
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के एकपक्षीय निर्णयों, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी, तथा संजय गांधी और बंसीलाल जैसे नेताओं की निरंकुशता का उल्लेख करते हुए इसे भारतीय संवैधानिक व्यवस्था पर आघात बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अच्छाइयों के साथ-साथ बुराइयों का स्मरण और विरोध भी जरूरी है ताकि भविष्य की पीढ़ियां सच से परिचित रहें।
कार्यक्रम में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं में राजकुमार कश्यप, गुलाब दास महंत, मनबोध दास महंत, मिथिलेश गणेशराम सूर्यवंशी राजेंद्र कंवर फेंकू राम दीपक पटेल हरीश कश्यप विलास कंवर सहित अनेक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। मंच संचालन महेंद्र यादव ने किया जबकि आभार प्रदर्शन ईश्वर बघेल और वीरेंद्र नामदेव ने व्यक्त किया।
कार्यशाला के अंत में यह भी घोषणा की गई कि 29 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का सार्वजनिक प्रसारण ग्राम जवाली में वीरेंद्र नामदेव की दुकान के सामने किया जाएगा।
