बिलासपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित “चेतना अभियान” का पाँचवाँ चरण “आओ संवारें कल अपना” कार्यक्रम के रूप में सामने आया है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है।
इस अभियान की शुरुआत दिनांक 21 अप्रैल को ग्राम महमंद, थाना तोरवा क्षेत्र में की गई थी। महज कुछ ही दिनों में यह कार्यक्रम ग्रामीणों और बच्चों के बीच लोकप्रिय होता जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 100 से अधिक बच्चे वॉलीबॉल, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, पीटी, रस्सी कूद और फ्रिस्बी जैसे खेलों में भागीदारी कर रहे हैं।
यह आयोजन बच्चों को न केवल मोबाइल और नशे की आदतों से दूर कर रहा है, बल्कि उन्हें अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक स्फूर्ति की ओर भी प्रेरित कर रहा है।
ग्रामीणों और प्रशिक्षकों का सराहनीय सहयोग
इस अभियान को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, खेल प्रशिक्षकों तथा जीवधारणी फाउंडेशन के श्री विकास वर्मा जी का विशेष योगदान रहा है। ग्रामीण समुदाय की सहभागिता ने इस आयोजन को सामाजिक आंदोलन का रूप दे दिया है।
बच्चों में दिख रहा आत्मविश्वास और नया जोश
खेल गतिविधियों के दौरान बच्चों में जोश, अनुशासन और नेतृत्व की अद्भुत झलक देखने को मिल रही है। बच्चों ने नशामुक्त जीवन की शपथ लेकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया है।
यह अभियान बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समाज में जागरूकता का भी सशक्त संदेश दे रहा है। पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों और ग्रामीण प्रतिनिधियों की भागीदारी इसे एक जनआंदोलन में बदल रही है।











