छत्तीसगढ़ जनवार्ता
बालकों के विरुद्ध लैंगिक अपराधों की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर दिया गया जोर
कोरबा। मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम कोरबा के अंतर्गत 27 अक्टूबर 2026 को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, उरगा में सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बालकों के विरुद्ध लैंगिक अपराधों की रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री एस.एन. केशरी, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री पद्माकर शिंदे के निर्देशन में किया गया। इसमें जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण एवं मानसिक स्वास्थ्य विभाग से श्री संजय तिवारी (CP) और श्री ताराचंद श्रीवास (PSW) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता की पहल की गई। सुरक्षित बचपन अभियान का उद्देश्य बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने, उन्हें संभावित खतरों के प्रति जागरूक बनाने तथा जरूरत पड़ने पर उचित सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को सामने लाना है।
इस संयुक्त पहल में विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता से बाल सुरक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य के विषयों को एक साथ जोड़कर सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा दिया गया। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।










