छत्तीसगढ़ जनवार्ता
जयसिंह अग्रवाल बोले—स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता का आर्थिक शोषण, हाफ बिजली बिल योजना बहाल करने की मांग
कोरबा, छत्तीसगढ़। जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बढ़ती महंगाई, बिजली की बढ़ी दरों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर जमकर निशाना साधा।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीब, मध्यमवर्गीय और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता परेशान है।
हाफ बिजली बिल योजना बहाल करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करने की योजना लागू थी। इस योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिलती थी। कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान भाजपा सरकार ने इस जनहितैषी व्यवस्था को बंद कर बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की है।
कांग्रेस ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए, मीटरों की कार्यप्रणाली और अत्यधिक बिलिंग की शिकायतों की पारदर्शी जांच कराई जाए तथा पूर्व की तरह हाफ बिजली बिल योजना को पुनः लागू किया जाए।
महंगाई और खाद संकट पर भी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने बिजली के साथ-साथ रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
पूर्व मंत्रियों ने कहा कि प्रदेश स्तर पर सरकार की कथित विफलताओं और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली की बढ़ी दरों को वापस नहीं लिया, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद नहीं की और हाफ बिजली बिल योजना पुनः शुरू नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में पूरे प्रदेश में उग्र प्रदर्शन एवं जन-आंदोलन करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











