लाफा (पोड़ी)में अवैध शराब बिक्री से बिगड़ रहा माहौल, स्कूल के पास खुलेआम कारोबार का आरोप

छत्तीसगढ़ जनवार्ता 

महिलाओं  में आक्रोश, कम उम्र के बच्चे भी हो रहे शराब की लत का शिकार; त्वरित कार्रवाई की मांग

कोरबा। ग्राम पंचायत लाफा के अंतर्गत ग्राम लाफा, पोड़ी,शंकर नगर एवं स्कूल चौक क्षेत्र में कथित रूप से लंबे समय से अवैध महुवा शराब बिक्री का कारोबार संचालित होने की शिकायत सामने आई है। महिलाओं का आरोप है कि अवैध शराब के कारण गांव का सामाजिक माहौल लगातार खराब हो रहा है और आए दिन विवाद, झगड़े एवं मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

ग्रामीण महिलाओं के अनुसार शराब के बढ़ते कारोबार का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि शराब के नशे में होने वाले विवादों के कारण उन्हें आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, कम उम्र के बच्चे भी शराब की लत की चपेट में आ रहे हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।

स्कूल के समीप शराब बिक्री से बढ़ी चिंता

 

शिकायत में विशेष रूप से ग्राम लाफा के स्कूल चौक में आत्मानंद विद्यालय के समीप शराब की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया है। उनका  कहना है कि शिक्षण संस्थान के आसपास इस तरह की गतिविधियों से स्कूली विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे न केवल बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है, बल्कि गांव के शैक्षणिक एवं सामाजिक वातावरण पर भी इसका असर पड़ रहा है।

 

महिलाओं का कहना है कि यदि समय रहते अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। महिलाओं ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में जांच कराने तथा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

महिलाओं को उम्मीद है कि प्रशासन शिकायत को संज्ञान में लेकर स्कूल एवं आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाएगा।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now