छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा। गौमुखी सेवाधाम द्वारा देवपहरी ग्राम स्थित एकलव्य विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पूर्व गुरुवार, 9 जुलाई को वेदारंभ संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर के विशेष आग्रह पर विद्यालय परिसर में 300 फलदार पौधों के वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत विद्यालय के 300 विद्यार्थियों ने “एक विद्यार्थी–एक पौधा” की भावना के साथ एक-एक पौधे के संरक्षण का संकल्प लिया। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
गौमुखी सेवाधाम एक सेवाभावी संगठन है, जो राष्ट्रीय सेवा भारती से संबद्ध है। यह संस्था जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित सुदूर वनवासी क्षेत्र में निवासरत विशेष पिछड़ी एवं संरक्षित जनजातियों के उत्थान के लिए पिछले 25 वर्षों से सतत कार्य कर रही है।
संस्था द्वारा जनजातीय समुदाय को उन्नत कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं, बच्चों के लिए दसवीं कक्षा तक निःशुल्क आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास, शिक्षा के साथ कौशल विकास प्रशिक्षण, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के प्रयास तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशिक्षण जैसी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
समाज के सहयोग से संचालित गौमुखी सेवाधाम शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता के माध्यम से वनवासी समाज के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।











