कोरबा छत्तीसगढ़
गांधी चौक, बुधवारी, कोसाबाड़ी और जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम, नेताओं ने सत्य-अहिंसा और देशसेवा के आदर्शों को किया याद
छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी चौक कोरबा, बुधवारी स्थित गांधी प्रतिमा, कोसाबाड़ी स्थित शास्त्री प्रतिमा तथा जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी का नाम पूरी दुनिया में सत्य, दृढ़ निश्चय और अहिंसा के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए ब्रिटिश शासन के विरुद्ध भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनका जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी विशेषकर युवा और विद्यार्थियों को प्रेरणा देती हैं।
डॉ. महंत ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान शास्त्रीजी ने देशवासियों में राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का कार्य किया और जीवनभर देश तथा गरीबों की सेवा को प्राथमिकता दी।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के व्यक्तित्व में सभी धर्मों के प्रति सम्मान और उनकी अच्छी बातों को समझने की भावना प्रारंभिक जीवन से ही दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के नैतिक मूल्यों और अहिंसा के सिद्धांत का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि कम उम्र में ही शास्त्रीजी के मन में देश के लिए कुछ करने की भावना विकसित हो गई थी।
रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि महात्मा गांधी भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख राजनीतिक एवं आध्यात्मिक नेताओं में शामिल थे। उन्होंने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से अत्याचार का प्रतिकार करने का मार्ग दिखाया। गांधीजी के विचारों ने भारत को स्वतंत्रता आंदोलन में संगठित करने के साथ-साथ दुनिया भर में नागरिक अधिकारों और स्वतंत्रता के आंदोलनों को भी प्रेरणा दी।
पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा ने कहा कि महात्मा गांधी विश्व के युगपुरुषों में से एक थे। उनके विचारों को किसी एक देश, जाति, धर्म या समुदाय की सीमा में बांधना उचित नहीं है। उन्होंने सत्य और अहिंसा के व्यापक महत्व को समझकर उसे अपने जीवन में आत्मसात किया और मानवता के कल्याण तथा सर्वोदय के लिए निरंतर प्रयास किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, मनोज चौहान, प्रदेश कांग्रेस सचिव बी.एन. सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, अजा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व सभापति संतोष राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू, ए.डी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, पार्षद रवि चंदेल, अविनाश बंजारे, अनुज जायसवाल, सुभाष राठौर, बद्री किरण, पुष्पा पात्रे, संगीता श्रीवास, द्रोपती तिवारी, सुखनंदन सिंह, रमेश वर्मा, माधुरी ध्रुव, सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह, हरविंदर सिंह, संतोष यादव, गिरधारी बरेठ, अनिल सिंह, शांता मंडावे, डॉ. रामगोपाल यादव, गजानंद साहू, रवि खुंटे, बनवारी पाहुजा, झलकुंवर, ममता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को आत्मसात करने तथा उनके बताए सत्य, अहिंसा, सादगी और देशसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।










