कोरबा | 15 जुलाई 2026
महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से कोरबा जिले में 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक विशेष एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पात्र किशोरियों को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा प्रदान की जा रही है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका विशेष रूप से उन किशोरियों के लिए प्रभावी है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होगा। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित शपथपत्र के आधार पर भी टीकाकरण कराया जा सकेगा।
यह विशेष अभियान जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा, करतला, पाली, पोंड़ी उपरोड़ा, स्व. बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय कोरबा, रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टीकाकरण के बाद सभी लाभार्थियों का पंजीयन यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर किया जाएगा तथा उन्हें डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र पुत्रियों को निर्धारित अवधि के भीतर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी बचाव सुनिश्चित किया जा सके।








