छत्तीसगढ़ जनवार्ता
कोरबा। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने मंगलवार को टीपी नगर चौक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि चढ़ावा चोरी के मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उनका कहना था कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था श्रीराम मंदिर से जुड़ी है और इस तरह की घटनाओं से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मांग की कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि मंदिर में कथित रूप से करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी, स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस के गायब होने और चांदी की चोरी जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उनका कहना था कि इतने बड़े मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों की भूमिका मान लेना उचित नहीं होगा।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने अन्य धार्मिक स्थलों पर सामने आए कथित अनियमितताओं के मामलों का उल्लेख करते हुए धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, प्रदेश सचिव विकास सिंह, बी.एन. सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, रेखा त्रिपाठी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










