कोरबा, छत्तीसगढ़
कोरबा :- ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गणेश इन होटल के सामने खड़ी स्कॉर्पियो वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(2) के तहत अपराध दर्ज करने के साथ ही भविष्य में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126(बी) एवं 135(3) के तहत पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गणेश इन होटल के सामने प्रज्वल सिंह बघेल ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 12 BB 3843 खड़ी की थी। इसी दौरान साहिल त्रिपाठी ने वाहन के सामने के शीशे में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण तथा सीएसईबी चौकी प्रभारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके विरुद्ध बीएनएस की धारा 324(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने यह भी पाया कि आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में पुनः विवाद उत्पन्न होने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126(बी) एवं 135(3) के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर तोड़फोड़, उपद्रव, गुंडागर्दी अथवा कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे मामलों में आवश्यकता पड़ने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ-साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, तोड़फोड़ अथवा शांति व्यवस्था भंग करने की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जिले में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।








