Controlling Hypertension Together” थीम के साथ 17 मई को मनाया जाएगा विश्व उच्च रक्तचाप दिवस

छत्तीसगढ़ जनवार्ता 

जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य केन्द्रों में निःशुल्क जांच और स्क्रीनिंग

कोरबा छत्तीसगढ़ 

उच्च रक्तचाप के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 17 मई को “विश्व उच्च रक्तचाप दिवस” मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस “Controlling Hypertension Together” थीम के साथ आयोजित किया जाएगा। जिले में इस अवसर पर सभी विकासखंड स्तरों पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (शहरी एवं ग्रामीण), आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा उप स्वास्थ्य केन्द्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की निःशुल्क स्क्रीनिंग भी की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि उच्च रक्तचाप एक सामान्य लेकिन गंभीर बीमारी है, जिसे “साइलेंट किलर” भी कहा जाता है। अधिकांश लोगों में इसके शुरुआती लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन समय के साथ यह हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी फेलियर और डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

उन्होंने बताया कि मोटापा, धूम्रपान, शराब सेवन, असंतुलित खान-पान, तनाव तथा शारीरिक गतिविधियों की कमी उच्च रक्तचाप के प्रमुख कारण हैं। हालांकि इसके लक्षणों को पहचानना आसान नहीं होता, फिर भी अत्यधिक सिरदर्द, छाती में दर्द, धुंधला दिखाई देना, घबराहट, सांस फूलना और लगातार थकान जैसे संकेत हाई ब्लड प्रेशर की ओर इशारा कर सकते हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने जिलेवासियों से अपील की है कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग तथा जिनमें उपरोक्त लक्षण दिखाई दें, वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर रक्तचाप की जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह लें। जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now