महिला आरक्षण पर केंद्र सरकार को घेरा, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने लगाया गुमराह करने का आरोप

छत्तीसगढ़ जनवार्ता

कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है और इसे आगामी चुनावों में राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित चर्चा के दौरान अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार की मंशा स्पष्ट होती, तो वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू किया जा सकता था। लेकिन परिसीमन और जनगणना की शर्त जोड़कर इसे जानबूझकर लंबित रखने की कोशिश की जा रही है।

अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसके अधूरे और भ्रामक स्वरूप का विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कानून में ओबीसी और वंचित वर्ग की महिलाओं की अनदेखी की गई है, जो सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि जनगणना और परिसीमन की शर्तों के कारण यह कानून तुरंत लागू नहीं हो पाएगा और वर्षों तक लंबित रह सकता है। साथ ही, सरकार द्वारा कोई समयसीमा तय न किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिला सशक्तिकरण के पक्ष में रही है और देश में महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने में पार्टी की अहम भूमिका रही है।

अग्रवाल ने यह भी कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है, तो कांग्रेस इसके लिए पूरी तरह तैयार है और तत्काल प्रभाव से इसे लागू करने का समर्थन करेगी।

इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, विकास सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, राकेश पंकज, शशि अग्रवाल, रेखा त्रिपाठी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now