कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती फुलो देवी नेताम के निर्देश पर आज कोरबा में महिला कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम ओपन थियेटर, घंटाघर चौक के पास आयोजित होगा, जिसका नेतृत्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी एवं ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती प्रभा तंवर करेंगी।
शहर अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निम्न स्तर और घटिया गुणवत्ता की साड़ियां वितरित की गई हैं। इस वितरण में भारी अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए महिला कांग्रेस ने इसके विरोध में विभागीय कैबिनेट मंत्री का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है।
वहीं ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती प्रभा तंवर ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन आज 16 अप्रैल 2026, गुरुवार को शाम 4 बजे घंटाघर, कोरबा में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।







