कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी रकम बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले के थाना और चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने अपने क्षेत्र में दर्ज दो चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी अमित दिवाकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 मार्च 2026 को वे अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। अगले दिन घर लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की पायल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और लगभग 5 हजार रुपये नगद चोरी हो चुके थे। मामले की जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ में उसने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने चोरी गया मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया।
इसी तरह एक अन्य मामले में प्रार्थी नंद कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 मार्च को वे भी परिवार सहित शादी कार्यक्रम में गए थे। अगले दिन घर लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला और घर से चांदी की पायल, बच्चों का चांदी का जुड़ा तथा करीब 11 हजार रुपये नगद चोरी हो गए थे। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
इन दोनों मामलों में पुलिस ने सुमित्रा रात्रे (28 वर्ष), निवासी बेन्द्रकोना, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी थाना सिविल लाइन रामपुर और थाना उरगा में चोरी के मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरी ओर चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में भी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में आकाश मरावी (19 वर्ष) निवासी शंकर नगर इंडस्ट्रियल एरिया, रोहित शर्मा (19 वर्ष) निवासी रमागढ़ बालकोनगर और निखिल वर्मन (21 वर्ष) निवासी घनगांव जिला मुंगेली (हाल पता सिविल लाइन रामपुर, कोरबा) शामिल हैं।
कोरबा पुलिस के अनुसार इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।










