पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, चंद घंटों में पुलिस ने किया खुलासा

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के आदेशानुसार जिले में अपराधों पर त्वरित कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं अनुभागीय पुलिस अधिकारी विजय सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे के नेतृत्व में थाना पसान पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी नन्नू कूजूर (20 वर्ष) निवासी साजाकछार सारिसमार थाना पसान ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 मार्च 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे तक वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर मुर्गा-भात खाकर अपने घर चला गया था। उसी रात आरोपी राजूलाल कूजूर का अपनी पत्नी उर्मिला बाई के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के बहिंगा (डंडा) से पत्नी के सिर पर वार किया और उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

गंभीर चोट लगने के कारण उर्मिला बाई की रात करीब 3 बजे मौत हो गई। 10 मार्च की सुबह लगभग 7 बजे आरोपी ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर प्रार्थी मौके पर पहुंचा, जहां उर्मिला बाई मृत अवस्था में पड़ी हुई थी और उसके सिर व मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे। घर की दीवार पर भी खून के निशान पाए गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पसान में आरोपी राजूलाल कूजूर (37 वर्ष) निवासी सारिसमार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा की टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी को डंडे से मारकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी राजूलाल कूजूर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे, प्रधान आरक्षक 335, आरक्षक कमल, राहुल बघेल, रतन राठौर एवं थाना पसान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now