कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 860 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने वाले उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी राजू धनवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले व नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में उरगा पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मैनपारा देवलापाठ के जंगल में राजू धनवार और उसके साथियों द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाई जा रही है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और 860 लीटर कच्ची महुआ शराब सहित शराब निर्माण के उपकरण बरामद किए।
“मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मौके से 860 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। मुख्य आरोपी राजू धनवार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।”
आरोपी राजू धनवार ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों मोटू उर्फ गजेंद्र धनवार, शिव धनवार, सरोज धनवार और मंत्री उर्फ सुकलाल धनवार के साथ मिलकर शराब निर्माण और बिक्री करता था।
पुलिस ने मौके से शराब बनाने के बड़े गंज, कढ़ाही, बर्तन, प्लास्टिक डिब्बे और पांच मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।











