छत्तीसगढ़ जनवार्ता
CMHO ने जारी किया आदेश, निर्धारित दिनों में मरीजों को मिलेंगी चिकित्सकीय सेवाएं; अन्य सुविधाओं की मांग अब भी बाकी
बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के औचक निरीक्षण और पहल के बाद वार्ड क्रमांक 03 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोंगरा में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने कदम उठाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कोरबा ने दो चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए लिखित आदेश जारी किया है।
दरअसल, विगत दिनों पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने पार्षदों, पीआईसी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सकों की कमी सहित अन्य अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया था।
निरीक्षण के बाद अध्यक्ष झा ने CMHO डॉ. सूर्य नारायण केशरी से दूरभाष पर चर्चा कर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता, रात्रिकालीन शिफ्ट में स्टाफ, वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी।
CMHO ने जारी किया लिखित आदेश
पालिका अध्यक्ष की पहल के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला कोरबा द्वारा 22 नवंबर 2026 को आदेश क्रमांक 907 जारी किया गया है। इसके तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांकीमोंगरा (मोंगरा) में दो चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित दिवसों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. जॉन कुजूर, चिकित्सा अधिकारी UAAM कटघोरा प्रत्येक माह के मंगलवार एवं 24 तारीख को तथा डॉ. अनिल कुमार क्षत्री, चिकित्सा अधिकारी UAAM कृष्णानगर प्रत्येक माह के शुक्रवार एवं 09 तारीख को बांकीमोंगरा स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहकर मरीजों को चिकित्सा सेवाएं देंगे।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आगामी आदेश तक संबंधित चिकित्सक निर्धारित दिवसों में स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं देंगे।
अन्य व्यवस्थाओं पर भी टिकी लोगों की नजर
दो चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित होने से बांकीमोंगरा क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, स्वास्थ्य केंद्र में रात्रिकालीन स्टाफ, वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था जैसी समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।
स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग इन लंबित मांगों पर भी जल्द कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुचारु स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा की पहल के बाद CMHO द्वारा जारी यह आदेश क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।











