कोरबा में कांग्रेस का ‘छात्रों की गुंज’ कार्यक्रम, नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर केंद्र सरकार को घेरा

छत्तीसगढ़ जनवार्ता

कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी शहर, युवा कांग्रेस कोरबा एवं कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गुंज’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से अभियान का सीधा प्रसारण छात्रों एवं उपस्थितजनों को दिखाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मोदी सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों की नीतियों ने देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में शिक्षा और सिस्टम, दोनों स्तरों पर गंभीर कमियां हैं।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया और भाजपा के बीच सांठगांठ उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से करोड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद कई छात्रों ने आत्महत्या की और इसके बावजूद केंद्र सरकार ने कोई ठोस जवाबदेही तय नहीं की।

कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक नीट, यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट, पीजी सीयूईटी, जेईई मेन, बीपीएससी, एसएसएसबी और यूपीएससी सहित कई परीक्षाएं पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण, प्रश्नपत्रों की त्रुटियों, परिणाम में देरी और अन्य अनियमितताओं के कारण विवादों में रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता, ओरिएंटल कॉलेज के प्राध्यापक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। :::

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now