कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा। प्रदेश में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर एवं ग्रामीण ने 18 जून 2026, गुरुवार को दोपहर 3 बजे तुलसीनगर स्थित बिजली कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर बिजली की दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान ने संयुक्त रूप से बताया कि बढ़ी हुई बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, इंटक, एनएसयूआई, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ, पार्षद, पूर्व पार्षद, ब्लॉक एवं मंडल समितियों, वार्ड तथा बूथ समितियों सहित कांग्रेस संगठन के सभी मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि से आम जनता, किसानों, व्यापारियों और घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार पड़ा है। इसी के विरोध में पार्टी द्वारा तुलसीनगर बिजली कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की जाएगी।
कांग्रेस संगठन ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया है।







