कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव में बुधवार-गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब कबाड़ व्यापारी मोहम्मद अशरफ मेमन समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में मोहम्मद अशरफ (पुरानी बस्ती कोरबा), सुरेश साहू (तुलसी नगर कोरबा) और नीतीश कुमार (दुर्ग) शामिल हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे गला घोंटकर हत्या बताया जा रहा है लेकिन सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला तंत्र-मंत्र से जुड़े कथित अनुष्ठान और आर्थिक ठगी से भी जुड़ा हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, मृतकों को 5 लाख रुपये को तंत्र-मंत्र के जरिए 2.5 करोड़ रुपये में बदलने का लालच दिया गया था। बिलासपुर से एक बैगा और उसकी टीम कुदरी गांव आई थी, जिसने दावा किया था कि विशेष तांत्रिक क्रिया के माध्यम से रकम को रातों-रात 50 गुना बढ़ाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम कबाड़ी व्यवसाय से जुड़े एक व्यक्ति के फार्महाउस में बना विशेष कक्ष में हुआ, जहां यह कथित “तंत्र क्रिया” की जा रही थी।
इसी अनुष्ठान के दौरान तीनों की हालत बिगड़ी और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों ने खुलकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मृतकों के शरीर पर चोट और खरोंच के कई निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि उनके साथ मारपीट या जोर-जबरदस्ती की गई होगी। एक मृतक के मुंह से नींबू भी मिला है, जिसे पुलिस जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके से बैगा और उसके साथ आए तीन प्रत्यक्षदर्शियों को हिरासत में ले लिया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, घटनास्थल पर मिले तांत्रिक सामान, और बैगा व उसकी टीम की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस तंत्र-मंत्र, आर्थिक ठगी, आपसी विवाद और हत्या—चारों पहलुओं पर समानांतर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है और जल्द ही रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे कोरबा क्षेत्र में दहशत और बेचैनी फैला दी है। लोग हैरान हैं कि पैसे को कई गुना बढ़ाने के लालच में इतनी खतरनाक परिस्थिति उत्पन्न हो सकती है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और शहरवासियों की नजरें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।











