छत्तीसगढ़ जनवार्ता
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का किया आह्वान, कोरबा के 299 बूथों से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जोर
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर के तत्वावधान में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर उठ रहे सवालों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही है। कांग्रेस की मांग निर्वाचन प्रणाली की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करने की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें और इसे सामूहिक रूप से सफल बनाएं।
उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित ब्लॉक, मंडल, वार्ड एवं बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों, ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, सेवादल और महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, पार्षदों एवं पूर्व पार्षदों से गंभीरता और सक्रियता के साथ अभियान में जुटने की अपील की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने बताया कि 26 नवंबर, गुरुवार को रायपुर में संविधान रक्षा एवं वोट रक्षक अभियान के तहत विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए कोरबा जिले के सभी 299 बूथों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अधिकाधिक संख्या में रायपुर पहुंचने का आह्वान किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था पर निर्भर करती है और प्रत्येक नागरिक का मत लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे मताधिकार की विश्वसनीयता बनाए रखें, ताकि मतदाताओं के मन में किसी प्रकार का संदेह न रहे।
प्रदेश पदाधिकारी रेखा त्रिपाठी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कामकाज पर देशभर में उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए उनके इस्तीफे अथवा सरकार द्वारा पद से हटाए जाने की मांग रखी। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर ने भी मताधिकार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट देश के भविष्य और लोकतंत्र की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, एडी जोशी, मंडल अध्यक्ष जवाहर निर्मलकर, सुरती कुलदीप एवं इकबाल कुरैशी ने भी निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर पार्षद रवि चंदेल, मस्तूल कंवर, बद्री किरण, गीता गभेल, रामगोपाल कुर्रे, संतोष यादव, सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह, एफडी मानिकपुरी, डॉ. रामगोपाल यादव, डॉ. डीआर नेताम, कुंजबिहारी, प्रमोद श्रीवास, आंगन बाई महंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











