30 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा, फिर भी 25 प्रशिक्षणार्थियों का मानदेय अटका, जनपद पंचायत CEO के नाम सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ जनवार्ता

कटघोरा। ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने और मनरेगा श्रमिकों को रोजगार के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से आयोजित 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण के बाद भी करीब 25 प्रशिक्षणार्थियों को अब तक मानदेय नहीं मिल पाया है। लंबे समय से भुगतान लंबित होने से नाराज प्रशिक्षणार्थियों ने जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, विगत वर्ष RSETI (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) एवं जनपद पंचायत कटघोरा के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत देवरी के सामुदायिक भवन में देवरी, कसाईपाली, चाकाबुड़ा और दुरेना क्षेत्र के मनरेगा श्रमिकों को 30 दिवसीय मेसन कंक्रीट (राजमिस्त्री) प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के दौरान नियमानुसार मनरेगा की निर्धारित दर के अनुसार 30 दिनों का मानदेय दिया जाना था।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कुछ प्रशिक्षणार्थियों को कुछ माह पूर्व भुगतान कर दिया गया, लेकिन शेष लगभग 25 लोगों को आज तक मानदेय की राशि नहीं मिली है। प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि उन्होंने निर्धारित अवधि तक प्रशिक्षण प्राप्त किया और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूरी कीं, इसके बावजूद उनका भुगतान अब तक लंबित है।

इसी समस्या को लेकर प्रभावित प्रशिक्षणार्थियों ने एकजुट होकर जनपद पंचायत कटघोरा में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लंबित भुगतान की स्थिति की जांच कर पात्र प्रशिक्षणार्थियों की बकाया राशि जल्द जारी कराई जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में महेन्द्र कुमार, श्रवण कुमार, छविलाल, कौशिकी यादव, हेमलता कंवर, मंजू कुंवर, बसंती, लक्ष्मी बाई, सूर्या प्रकाश, चांदनी कुंवर, परमेश्वर कुंवर, फूलबाई, कमलेश कुंवर, ललिता बिंझवार, जमुना बिंझवार, भुवनेश्वरी बिंझवार, मिलन कुमार, रितेश कुमार, रितु बिंझवार, मनमोहन गौर, सरिता कुंवर, गायत्री चौहान एवं रमौतीन बिंझवार सहित अन्य प्रशिक्षणार्थी शामिल रहे।

अब देखना होगा कि जनपद पंचायत प्रशासन इस मामले में कब तक संज्ञान लेकर लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करता है। प्रशिक्षणार्थियों को उम्मीद है कि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई होगी और उन्हें उनकी मेहनत के एवज में मिलने वाली निर्धारित राशि प्राप्त हो सकेगी।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now