कटघोरा में पुलिस का जागरूकता रथ: धान खरीदी भुगतान के बाद किसानों को बनाया जा रहा सतर्क

छत्तीसगढ़ जनवार्ता

कटघोरा

श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के दिशा-निर्देश पर कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इन दिनों जागरूकता रथ चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य धान खरीदी के बाद बैंक खातों में पहुंचे भुगतान को सुरक्षित तरीके से निकालने व ले जाने को लेकर ग्रामीणों और किसानों को सचेत करना है।

थाना प्रभारी धरम नारायण तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में धान खरीदी का पैसा किसानों के खातों में जमा हो चुका है, जिसके चलते बैंकों में भीड़ बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर उठाई-गिरी गिरोह सक्रिय हो जाते हैं और विशेष रूप से ग्रामीण ग्राहकों को निशाना बनाते हैं।

🚨 उठाई-गिरी से बचाव के लिए पुलिस की अहम समझाइश

जागरूकता रथ के माध्यम से चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार संदेश दिया जा रहा है कि—

बैंक से पैसे निकालने के बाद कहीं न रुकें, सीधे घर जाएं।

अकेले पैसे निकालने न जाएं, किसी भरोसेमंद व्यक्ति को साथ रखें।

रुपए-पैसे गाड़ी की डिक्की या खुले थैले में न रखें।

भीड़ में किसी अनजान व्यक्ति से मदद न लें।

संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अलग से जागरूकता दी जा रही है।

🏦 बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक

इसी क्रम में कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी बैंकों के मैनेजरों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने बैंक कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों और खाताधारकों को पैसे की सुरक्षित निकासी व परिवहन के तरीकों के बारे में समझाएं तथा उठाई-गिरी से सतर्क रहने की सलाह नियमित रूप से दें।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आर्थिक ठगी या चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now