कोरबाछत्तीसगढ़
जिले में आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू होने के बाद दिव्यांग (PWD) अधिकारी-कर्मचारियों को समयबद्ध उपस्थिति में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को लेकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि शारीरिक, दृष्टि, श्रवण एवं अन्य दिव्यांगताओं के कारण कई कर्मचारियों को दैनिक आवागमन, परिवहन एवं स्वास्थ्य संबंधी बाधाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सुबह 10 बजे की अनिवार्य उपस्थिति सभी पर समान रूप से लागू करना न्यायसंगत नहीं है।

दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों का हवाला देते हुए मांग की गई है कि दिव्यांग कर्मचारियों को युक्तियुक्त छूट (Reasonable Accommodation) दी जाए, विलंबित उपस्थिति को दंडात्मक कार्रवाई से अलग रखा जाए तथा आवश्यकतानुसार लचीला समय या वैकल्पिक उपस्थिति व्यवस्था लागू की जाए।
आवेदनकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन समावेशी प्रशासन की भावना के अनुरूप सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेगा।









