कोरबाछत्तीसगढ़
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ करने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04 जनवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. केशरी ने उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, पीएनसी कक्ष, ओटी, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार, इंटीग्रेटेड लैब, दंत चिकित्सा कक्ष, एनआरसी, ब्लड स्टोरेज यूनिट, आयुष ओपीडी, मितानिन हेल्पडेस्क, आईपीडी स्टोर तथा शीत श्रृंखला एवं टीकाकरण कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने अस्पताल परिसर की बेहतर साफ-सफाई, मुख्य द्वार पर पैरदान लगाने, ओपीडी में आभा आईडी निर्माण की स्थिति की समीक्षा, आईईसी सामग्री प्रदर्शित करने तथा आयुष्मान मित्र कक्ष के ऑपरेटर को आभा आईडी बनाने हेतु अधिकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही मितानिन हेल्पडेस्क कर्मियों को मरीजों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने एवं आभा आईडी निर्माण में सहयोग करने कहा गया।
डॉ. केशरी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का रोस्टर तैयार कर उपस्थिति पंजी संधारित करने, आईपीडी बेडशीट की सफाई हेतु एक कर्मचारी को जवाबदेही सौंपने, संस्थागत प्रसव में प्रगति लाने तथा एएनसी पंजीयन में प्रायमीपारा एवं मल्टीपारा का स्पष्ट उल्लेख करने के निर्देश दिए। सभी प्रायमीपारा गर्भवती महिलाओं को उच्च जोखिम समूह मानते हुए जांच एवं प्रसव पीएचसी/सीएचसी में कराने तथा सभी गर्भवती महिलाओं का आरसीएच पोर्टल में पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा आईपीडी स्टोर में सामग्री व्यवस्थित रखने, शीत श्रृंखला कक्ष में फ्रीजर तापमान की नियमित मॉनिटरिंग, ओटी में विसंक्रमण पर विशेष ध्यान, ऑक्सीजन सिलेंडर का स्टरलाइजेशन, इंटीग्रेटेड लैब में बायोकेमिस्ट्री फुली ऑटो एनालाइजर के उपयोग, ब्लड स्टोरेज यूनिट में रक्त संग्रहण एवं रजिस्टर संधारण तथा आरबीएसके वाहन के अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने जीवनदीप समिति की साधारण सभा वर्ष में दो बार एवं कार्यकारिणी बैठक चार बार आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने खंड चिकित्सा अधिकारी को सभी आवश्यक दवाएं स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध रखने, समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं मुख्यालय में निवास करने की हिदायत दी गई।











