कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा, 15 जनवरी।
बालको नगर क्षेत्र में वर्षों से आजीविका चला रहे छोटे दुकानदारों और ठेले-गुमटी संचालकों ने बालको प्रबंधन की कथित मनमानी के खिलाफ छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। प्रभावित दुकानदारों में पान ठेला, साइकिल रिपेयर, मोची, नाई, रजाई-गद्दा निर्माता, चाट विक्रेता, फल-सब्जी विक्रेता सहित अन्य छोटे व्यवसायी शामिल हैं।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बालको प्रबंधन ने उन्हें वर्षों पुराने व्यवसाय स्थल खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है, जिससे सैकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी संकट में पड़ गई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रबंधन द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, बिना अनुमति प्लांट विस्तार, सार्वजनिक सड़कों को बंद करना, इंदिरा मार्केट की नाली-ड्रेनेज व्यवस्था बाधित करना और जी-9 परियोजना क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री अग्रवाल बालको नगर पहुंचे और बड़ी संख्या में दुकानदारों, श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा,
“बालको प्रबंधन की कार्रवाई अमानवीय, गैरकानूनी और गरीब विरोधी है। दशकों से मेहनत कर कमाने वालों को उजाड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पूरी मजबूती से इनके साथ खड़ी है।”
इसके बाद उन्होंने जी-9 परियोजना स्थल, दोंदरो साइड स्टॉप डैम के पास निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल तथा ऐश डाइक क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बालको प्रबंधन बेल्गिरी नाला में राखड मिश्रित पानी छोड़ रहा है, जिसका उपयोग स्थानीय बस्तियों के लोग और पशु करते हैं। उन्होंने इसे गंभीर पर्यावरणीय उल्लंघन बताया और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
श्री अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि दुकानदारों को जबरन हटाया गया या सार्वजनिक सुविधाओं से छेड़छाड़ हुई, तो कांग्रेस सड़क से लेकर प्रशासन तक जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी उद्योग कानून से ऊपर नहीं है और विकास के नाम पर गरीबों की आजीविका नहीं छीनी जा सकती।
कार्यक्रम में बालको चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष सुमेर डालमिया, प्रदेश सचिव बी.एन. सिंह व विकास सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान व नत्थूलाल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, बसंत चंद्रा, ए.डी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, अनेक पार्षदगण तथा लगभग 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता, दुकानदार और नागरिक मौजूद रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि बालको नगर के आम नागरिकों, श्रमिकों और छोटे व्यवसायियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा












