एनटीपीसी कोरबा में इंटक की शक्ति प्रदर्शन सभा, कर्मचारियों ने दोहराया भरोसा — “हक के लिए लड़ो, इंटक के साथ चलो” के नारों से गूंजा परिसर

कोरबा छत्तीसगढ़ 

कोरबा, 12 अक्टूबर। एनटीपीसी कोरबा में राष्ट्रीय ताप विद्युत कर्मचारी संघ (इंटक) ने रविवार को एक विशिष्ट आमसभा का आयोजन किया, जिसमें कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभा में इंटक के सेंट्रल लीडर बाबर सलीम पाशा, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेशाध्यक्ष संजय कुमार सिंह तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.सी. खुटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह आयोजन आगामी 15 अक्टूबर 2025 को होने वाले प्रतिनिधि यूनियन चुनाव और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहा।

सभा की शुरुआत में पदाधिकारियों ने कहा कि अक्टूबर 2022 में कर्मचारियों ने जिस विश्वास के साथ इंटक को समर्थन दिया था, संगठन ने उसे पूरी निष्ठा से निभाया है। यह चुनाव किसी व्यक्ति की जीत-हार का नहीं बल्कि कर्मचारियों के भविष्य के निर्धारण का चुनाव है। वर्ष 2027 पे रिविजन का वर्ष होगा और इसके लिए अनुभवी, कर्मठ एवं दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है।

इंटक नेताओं ने अपने संबोधन में विपक्षी यूनियनों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उनके पास न तो स्थिर नेतृत्व है और न अनुभव। विपक्ष के कार्यकाल में श्रमिक हितों की उपेक्षा की गई, श्रमिक शिक्षा कार्यक्रम बंद हुए, इंसेंटिव रोके गए और कई सुविधाएँ समाप्त कर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी यूनियनें सरकार और प्रबंधन के साथ खड़ी हैं, जबकि इंटक ने हर मोर्चे पर कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है।

इंटक नेताओं ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया—शिफ्ट रोटा व्यवस्था में सुधार, बी-टाइप क्वार्टर आवंटन, नया कल्याण मंडपम, कार्यस्थलों पर एसी, वाटर कूलर और स्वच्छ टॉयलेट की व्यवस्था, कॉलोनी रिनोवेशन, ईपीएस-95 पेंशन के लिए प्रयास, PRMS मेडिकल बुक, सेफ्टी इक्विपमेंट, स्पोर्ट्स जैकेट वितरण, वॉकिंग ट्रैक निर्माण और एसी बस सेवा जैसी उपलब्धियाँ गिनाईं।

राष्ट्रीय स्तर पर भी इंटक ने कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कीं — पे रिविजन, DT बैचों को पे बेनिफिट, पीआरपी फिक्स प्रतिशत में सुनिश्चित कराना, निलंबित कर्मचारियों की बहाली, ग्रुप इंश्योरेंस में वृद्धि और मृत कर्मचारियों के परिजनों को सहायता दिलाना शामिल है।

सभा के अंत में नेताओं ने कर्मचारियों से अपील की कि यह चुनाव आने वाले कल का निर्णय है। ऐसे संगठन का चयन करें जो आपके अधिकारों की रक्षा करे और प्रबंधन के सामने आपकी आवाज़ बुलंद रखे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now