छत्तीसगढ़ जनवार्ता
रायपुर। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कंवर के रायपुर पहुंचते ही प्रशासन में हलचल मच गई। सीएम हाउस के सामने धरने की घोषणा करने वाले कंवर को पुलिस ने रायपुर में ही रोक लिया और नजरबंद कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, ननकीराम कंवर को गहोई भवन में पुलिस की निगरानी में रखा गया है। इस दौरान मौके पर एसडीएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। वहीं, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता कंवर को मनाने के लिए पहुंच गए हैं। 
दरअसल, ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ 14 बिंदुओं में शिकायत कर उन्हें हटाने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि शासन कार्रवाई नहीं करता, तो वे 4 अक्टूबर को सीएम हाउस के बाहर धरना देंगे। इस बीच, शासन ने बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन से जांच रिपोर्ट मांगी है, लेकिन अभी तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है।
ननकीराम कंवर को नजरबंद किए जाने की खबर से कोरबा में राजनीतिक हलचल और नाराजगी फैल गई है। लोगों का कहना है कि अगर भाजपा सरकार अपने ही वरिष्ठ नेता के साथ ऐसा व्यवहार कर सकती है, तो आम जनता की उम्मीदें इस सरकार से कमजोर पड़ती दिख रही हैं।











