कटघोरा पुलिस ने महज 6 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, पति ही निकला हत्यारा

कोरबा छत्तीसगढ़

कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास एक महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महज छह घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि महिला के पति पर ही लगा, जिसने विवाद के बाद पत्थर से वार कर अपनी पत्नी की जान ले ली।

सुबह मिली थी महिला की लाश, खून से सनी थी ईंटें

सोमवार, 24 मार्च 2025 की सुबह दुर्गा मंदिर के पास लोगों ने एक महिला की लाश संदिग्ध अवस्था में देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला की लाश घर के सामने बाड़ी में पड़ी थी। घटनास्थल से खून से सनी ईंटें बरामद की गईं और घर का दरवाजा खुला मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।

मृतक की पहचान लता नेताम के रूप में हुई, जो किराए के मकान में अकेले रहकर मजदूरी का काम करती थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक और साइबर टीम को बुलाया और गहन जांच शुरू की।

पति की नाराजगी बनी हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि लता नेताम का पति अमोल सिंह नेताम (34 वर्ष) इस हत्या के पीछे मुख्य आरोपी है। आरोपी दमऊकुंडा का निवासी है और वर्तमान में डूमरमुड़ा में रह रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका लता नेताम करीब आठ महीने पहले अपने पति और तीनों बच्चों को छोड़कर अलग रहने लगी थी। इसी बात से उसका पति अमोल सिंह नाराज था।

इसके अलावा, मृतका ने हटकी बैंक से लोन लिया था, जिसकी वसूली के लिए बैंक कर्मचारी डूमरमुड़ा गांव जाते थे। पति इस बात से भी काफी नाराज था और इसी नाराजगी में उसने हत्या की साजिश रची।

झगड़े के बाद किया पत्थर से वार

घटना वाली रात अमोल सिंह नेताम अपनी पत्नी के किराए के मकान पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। लता के दरवाजा खोलते ही दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। गुस्से में आकर आरोपी ने पास पड़ी ईंट से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस की मुस्तैदी से 6 घंटे में खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

कटघोरा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर और एसडीओपी श्री मिंज के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी और उनकी टीम ने तेजी से जांच शुरू की।

घटनास्थल से मिले सबूतों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महज छह घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी अमोल सिंह नेताम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिला न्याय

कटघोरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। पुलिस की तत्परता और कुशलता ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे जितना भी शातिर क्यों न हो, वह कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।

कटघोरा पुलिस की इस सफलता पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी है।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now